Tuesday, March 29, 2011

पर्यटन के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश में अव्वल


 कभी भीड़भाड़ और धक्का-मुक्की के लिए पहचाने जाने वाले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का बदला हुआ स्वरूप अब सबको भाने लगा है। पर्यटन मंत्रालय ने इसे पर्यटकों के लिए सबसे अच्छा रेलवे स्टेशन करार दिया है। जबकि लाल किला परिसर विकलांगों की सुविधा के लिहाज से सबसे अच्छी धरोहर है। देश के सबसे अच्छे होटल में रहने की ख्वाहिश हो या फिर फाइव स्टार में सबसे अच्छे शेफ के हाथ बने खाने की चाह तो आपको दिल्ली से बाहर जाना पड़ेगा। बेस्ट फाइव स्टार होटल जयपुर का जयमहल है, तो बेस्ट शेफ का पुरस्कार कोलकाता ताज बंगाल के सुजान मुखर्जी को दिया गया है। बल्कि बेस्ट होटल की सूची में फाइव स्टार से लेकर टू स्टार तक दिल्ली के किसी होटल की बारी नहीं आई। बेस्ट एअरपोर्ट हैदराबाद का है, तो मेडिकल टूरिज्म के लिहाज से हैदराबाद का अपोलो अस्पताल अव्वल है। बहरहाल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन ने लाज बचा ली। सोमवार को दिए गए पुरस्कार में माना गया कि पर्यटकों को सुविधा की दृष्टि से यह देश का अव्वल है। जबकि लाल किला परिसर के साथ-साथ दिल्ली के होटल ललित को विकलागों की दृष्टि से अच्छा माना गया है। सोमवार को केंद्रीय पर्यटन मंत्री सुबोधकांत सहाय और फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की मौजूदगी में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने पर्यटन से जुड़ी अलग अलग 81 श्रेणियों के लिए पुरस्कार दिए|

No comments:

Post a Comment