यात्रियों को बढ़िया खाना देने की रेलमंत्री ममता बनर्जी की पुरजोर कोशिश के बावजूद यात्रियों को घटिया खाने से निजात नहीं मिल पा रही है। खानपान की गुणवत्ता सुधारने के लिए रेलवे ने खानपान की नई नीति भी बनाई, लेकिन उसका बेहतर परिणाम अभी देखने को नहीं मिल पा रहा है। आलम यह है कि रेलमंत्री के खुद के गृह राज्य प. बंगाल में खानपान की गुणवत्ता की शिकायतों की भरमार है जबकि सबसे ज्यादा शिकायतें उत्तर रेलवे में हैं। उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी ने रेल मंत्रालय का जिम्मा संभालते ही सबसे पहले खानपान की व्यवस्था सुधारने के लिए कमरकसी थी। इसके लिए उन्होंने शुरुआत में ही घोषणा कर दी थी कि वाजिब कीमत में रेलयात्रियों को बेहतर खाना उपलब्ध कराया जाएगा, इसलिए खानपान की नीति भी बदली जाएगी। करीब डेढ़ साल की कवायद के बाद खानपान की नीति बदली गई और रेलवे बोर्ड ने उसे आनन-फानन में लागू करते हुए खानपान की जिम्मेदारी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम से लेकर जोनल रेलवे के हवाले कर दी। रेल मंत्रालय का दावा है कि नई नीति में खानपान की व्यवस्था में सुधार के लिए विभागीय स्तर पर निगरानी व पर्यवेक्षण किया जाएगा, लेकिन बेहतर सफलता हासिल करना अभी दूर की कौड़ी नजर आती है। हालांकि रेल मंत्रालय का कहना है कि खाने की गुणवत्ता और पानी संबंधित शिकायतों में वर्ष 2009-10 के मुकाबले वर्ष 2010-11 में 20 फीसद की कमी आई है। वर्ष 2009- 10 में रेलवे को 1784 शिकायतें मिली थीं, जिनमें से 1411 में कार्रवाई की गई थी जबकि वर्ष 2010-11 में 1205 शिकायतें मिलीं, जिसमें 1171 में कार्रवाई की गई। हांलाकि ये आंकड़े जनवरी माह तक के ही हैं। जहां तक सवाल है खानपान की गुणवत्ता को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतों का तो उत्तर रेलवे जोन में यह सर्वाधिक है। वर्ष 2009-10 में इस जोन में 641 शिकायतें दर्ज की गई थीं और वर्ष 2010-11 में 514। इस संदर्भ में रेल मंत्री का गृह राज्य पश्चिम बंगाल भी अछूता नहीं है। पूर्व रेलवे का मुख्यालय कोलकाता में है और उस जोन में वर्ष 2009-10 में 308 और वर्ष 2010-11 में 186 शिकायतें मिलीं। दक्षिण और पश्चिम रेलवे भी इस मामले में पीछे नहीं है। वर्ष 2009-10 में इस दक्षिण रेलवे जोन में खानपान की गुणवत्ता को लेकर 224 और वर्ष 2010-11 में 183 शिकायतें तथा पश्चिम रेलवे में वर्ष 2009-10 में 248 और वर्ष 2010-11 में 95 शिकायतें दर्ज की गई।
खानपान संबंधी शिकायतों का ब्योरा
जोनल रेलवे वर्ष 2009-10 वर्ष 2010-11 शिकायत कार्रवाई शिकायत कार्रवाई म. रेलवे 69 62 29 27 पूत. रेलवे 10 08 18 17 पूम. रेलवे 49 41 18 15 पू. रेलवे 308 226 186 179 उम. रेलवे 08 06 09 09 पूर्वोत्तर रेलवे 12 09 09 08 पूसी. रेलवे 19 16 07 07 उत्तर रेलवे 641 490 514 501 उप. रेलवे 01 01 07 07 दम. रेलवे 129 98 98 95 दपूम. रेलवे 10 09 07 06 दपू. रेलवे 23 21 09 09 द. रेलवे 224 206 183 182 दप. रेलवे 26 22 14 14 प. रेलवे 248 189 95 93 कुल 1784 1411 1205 1171
No comments:
Post a Comment