केंद्र सरकार के सोमवार को घोषित बजट को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित उत्साहित हैं। मेट्रो के तीसरे चरण के लिए करीब 1300 करोड़ रुपये दिए गए हैं। पिछली बार की तुलना में केंद्रीय सहायता योजना में करीब पौने दौ सौ करोड़ रुपये ही ज्यादा मिले हंै। उनका मानना है कि इससे दिल्ली के विकास में और भी गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के संदर्भ में बजट को पूर्ण रूप से देखने के बाद कुछ अतिरिक्त कहा जा सकता है। संसद में पेश किए गए 2011-12 के आम बजट के अनुसार दिल्ली को पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष केंद्रीय योजना सहायता में अधिक राशि मिलने वाली है। दिल्ली को केंद्रीय योजना सहायता के लिए 1257.86 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि 2010-11 में 1080.51 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। सामान्य सहायता के अंतर्गत दिल्ली को 23 करोड़ रुपये, केंद्रीय सड़क कोष के अंतर्गत 6.73 करोड़ रुपये और विशेष सहायता के तहत जेएनएनयूआरएम के तहत 206 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस वर्ष सामान्य केंद्रीय सहायता के अंतर्गत 252.70 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जबकि पिछले वर्ष 229.72 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। दिल्ली को केंद्रीय सड़क कोष के तहत इस साल 65.13 करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि पिछले वर्ष यह राशि 58.40 करोड़ रुपये थी। जेएनएनयूआरएम के तहत इस साल 900 करोड़ रुपये मिलने वाले हैं जबकि पिछले वर्ष 694.47 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। जेएनएनयूआरएम के तहत शहरी गरीबों के लिए मूलभूत सेवाओं के सबमिशन के लिए 390 करोड़ रुपये मिलेंगे जबकि पिछले वर्ष यह राशि 184.47 करोड़ रुपए थी। शहरी बुनियादी ढांचा और प्रशासन के सब-मिशन के लिए इस साल भी पिछले साल की तरह 500 करोड़ रुपये और इसी प्रकार केंद्र सरकार की स्कीम राजीव आवास योजना के लिए 10 करोड़ रुपये मिलेंगे|
No comments:
Post a Comment