Saturday, January 15, 2011

गरीबों पर खर्च होगा मप्र का 45 फीसदी बजट

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा गरीबों पर केंद्रित योजनाएं बनाएगी। गुरुवार को रीवा में आयोजित सरकार के पहले अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में गरीबों की 45 प्रतिशत आबादी को देखते हुए तय किया गया है कि राज्य बजट की 45 फीसदी राशि गरीबी उन्मूलन योजनाओं पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि गरीब हितग्राहियों के लिए इस तरह के मेले हर जिले में आयोजित किए जाएंगे। शिवराज ने अफसरों से भी दो टूक कहा कि अंत्योदय मेले इसीलिए आयोजित किए जाएंगे ताकि अफसर राज्य मंत्रालय वल्लभ भवन में बैठने के बजाए गांव-गांव जाएं। मेले में 56 हजार हितग्राहियों को 20 करोड़ 38 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। राजनीतिक रूप से भाजपा के लिए अंत्योदय मेले का विचार कितना महत्वपूर्ण है, यह इसी से पता लगता है कि इसका शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी से करवाया गया। गडकरी ने भी लगे हाथ राज्य सरकार की जमकर तारीफ की और कहा कि सुशासन और विकास भविष्य की राजनीति तय करेंगे। भ्रष्टाचार, गरीबी और भुखमरी अंत्योदय के दर्शन से ही दूर होंगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों की विदेशों में पढ़ाई के लिए 15 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इसी प्रकार गरीब परिवारों के सदस्यों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भी पूरी व्यवस्था की जाएगी। राज्य सरकार गरीबों को मजबूर नहीं रहने देगी। गरीब परिवारों के आर्थिक विकास के लिए राज्य सरकार कोई कसर नहीं छोडे़गी।


No comments:

Post a Comment