सिंगापुर की कंपनी यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप (यूएसजी) गुजरात के भावनगर में तापीय बिजली संयंत्र लगाने की योजना बना रही है। कंपनी के मुताबिक 450-650 मेगावाट उत्पादन क्षमता के इस संयंत्र पर 25-35 अरब रुपये का निवेश किया जाएगा। यूएसजी की बंदरगाह परियोजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीके मोदी ने कहा कि कंपनी इस परियोजना के लिए जमीन की तलाश में जुटी हैं। इसके साथ ही कंपनी जामनगर के भटवादिया में 660 मेगावाट की छह इकाइयों का विकास भी कर रही है। कंपनी ने वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2009 के दौरान इन परियोजनाओं की घोषणा की थी। इन परियेाजनाओं की अनुमानित लागत 250 अरब रुपये आंकी गई थी। मोदी ने बताया कि 660 मेगावाट की पहली इकाई वर्ष 2015 से परिचालन में आ जाएगी। इसके लिए कंपनी इंडोनेशिया से 25 लाख टन कोयले का आयात करेगी। इसके साथ ही यूएसजी वर्ष 2015 तक भटवदिया से करीब पांच किलोमीटर दूरी पर मौजूद गोजीनेस में 55 अरब रुपये की लागत से सभी मौसमों के अनुकूल बंदरगाह तैयार करेगा। इस बंदरगाह की क्षमता छह करोड़ टन होगी। मोदी ने कहा कि शुरुआत में इस बंदरगाह पर केवल समूह के संयंत्र के लिए इंडोनेशिया से आयात किया गया कोयला उतारा जाएगा। इसके बाद मल्टीपल कार्गो के लिए बंदरगाह का विस्तार किया जाएगा। फिलहाल कंपनी भावनगर बंदरगाह के विकास के लिए व्यवहार्यता अध्ययन कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि इसमें करीब 20 अरब रुपये की लागत आएगी।
No comments:
Post a Comment